777
views
views
महिलाओं समेत 10–15 हमलावरों ने किया उत्पात, पुलिस जांच में जुटी
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़।
शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गांधीनगर दुर्ग मार्ग पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जेपी फर्नीचर शोरूम पर अचानक 10 से 15 लोगों के समूह ने हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान पर पत्थरबाजी करते हुए जमकर तोड़फोड़ की और बाहर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया।
दुकान संचालक जे.पी. वंगानी के अनुसार, घटना की शुरुआत दोपहर करीब 3:15 बजे हुई, जब एक व्यक्ति शराब के नशे में दुकान में घुसने का प्रयास करने लगा। संचालक द्वारा उसे बाहर निकालने पर वह कुछ देर बाद अपने साथ अन्य लोगों को लेकर लौटा और हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थीं। पहले लकड़ियों से मारने का प्रयास किया गया, इसके बाद बड़े पत्थरों से हमला शुरू कर दिया गया। हमलावरों ने बाइक के साइलेंसर सहित अन्य वस्तुओं का इस्तेमाल करते हुए दुकान के बाहर रखी कुर्सियों और अन्य सामान को तोड़ दिया। एक हमलावर ने खुद को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए धमकी भी दी।
घटना के दौरान लगातार और लोगों को मौके पर बुलाया जाता रहा, जिससे भीड़ बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि गनीमत रही कि किसी कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही पुलिस करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
व्यापार संघ ने जताया आक्रोश
घटना के विरोध में व्यापार संघ ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। व्यापार संघ अध्यक्ष सुनील कुमार जागेटिया ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो फुटेज से स्पष्ट है कि एक व्यक्ति नशे में दुकान में घुसने की कोशिश कर रहा था, जिसे रोकने पर वह भीड़ के साथ लौटकर हमला कर बैठा। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर हथियारनुमा वस्तुएं लेकर आए थे और घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
व्यापार संघ ने कोतवाली थाने में ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही नगर परिषद आयुक्त को भी ज्ञापन देकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई है।