views
बस्सी। कस्बे के खानिया बस्ती क्षेत्र में शुक्रवार शाम मोहर्रम जुलूस समाप्त होने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठियों के साथ एक-दूसरे पर पथराव शुरू हो गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिन में मोहर्रम जुलूस के दौरान भी मेरासी समाज और मुस्लिम समाज के कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। मेरासी समाज का आरोप है कि उस दौरान उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी दी थी।
बताया जा रहा है कि शाम को मोहर्रम समाप्त होने के बाद जब दोनों पक्ष अपने-अपने घर पहुंचे, तब फिर से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते लट्ठमार और पथराव में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में मुस्ताक मेरासी, मुनीर मेरासी और यूसुफ मेरासी घायल हुए, जिन्हें गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में मेरासी समाज के लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।