views

सीधा सवाल। कपासन। उपखंड क्षेत्र की निकटवर्ती ग्राम पंचायत हथीयाना के रूदड़ी गांव में 42 वर्षीय किसान मदन लाल सुथार की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह अपने खेत पर मवेशियों के लिए बने पशुखेल में पानी भरने गया था।इस दुर्घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए खेती का काम करता था।घटना के अनुसार जैसे ही मदन लाल ने मोटर पंप का स्टार्टर चालू करने के लिए हाथ लगाया, उसे तेज करंट लग गया। इससे उसके सीने और हाथ बुरी तरह झुलस गए। उसके पैरों पर भी गंभीर घाव हो गए।परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली, तो वे तुरंत खेत पहुंचे। वहां उन्होंने मदन लाल को अचेत अवस्था में पाया। उसे तत्काल कपासन उप जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर कपासन थाना से ए एस आई शंकर लाल सालवी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मदन लाल के दो पुत्र हैं, जिनमें एक 18 वर्ष का और दूसरा 15 वर्ष का है।
