views
सीधा सवाल। बेगूं। नगर की ब्राह्मणी नदी के तट पर स्थित बड़ोदिया महादेव में स्थित रामायण मंडल सत्संग भवन में 53 वें नवरात्र महोत्सव के तहत प्रतिदिन संगीतमय रामचरित पाठ का गुणगान मानस व्यास पंडित अजय शर्मा द्वारा करवाया जा रहा है। मानस मंडल सचिव सीए दीपक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीरामचरित मानस मंडल बेगूं द्वारा विगत 52 वर्षों से अनवरत संगीतमय रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत 53 वां नवरात्रि श्रीरामचरितमानस नवाह्र पारायण पाठ का आयोजन 22 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 7.15 बजे से किया जा रहा है। मानस व्यास पंडित अजय शर्मा के मुखारविंद से हो रहे संगीतमय रामचरित पाठ में आठवें दिन अंगद को शांतिदूत बनाकर भेजा गया, लक्ष्मण को शक्ति लगना, हनुमानजी द्वारा सुषेण वैद्य के कहे अनुसार हिमालय पर जाकर सूर्योदय से पूर्व संजीवनी बूटी लाना, मेघनाद वध, कुंभकर्ण वध ओर अंत में राम द्वारा रावण का संहार कर पुनः अयोध्या आगमन का मार्मिक वाचन हुआ। इस वर्ष संगीतमय रामचरित पाठ कार्यक्रम में श्रीराम नाम को लेकर भी बेगूं नगरवासियों में खासा उत्साह देखा गया है, जिसमें 1 करोड़ 51 लाख 51 हजार 500 श्रीराम नाम लेखन का संकल्प लिया गया है। उक्त संकल्प में राम नाम की पुस्तके मानस व्यास पंडित अजय शर्मा द्वारा दी गई। सोमवार को मानस मंडल के सदस्यों द्वारा चारभुजानाथ पैदल यात्रा संघ बेगूं के सदस्यों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस दौरान मानस मंडल अध्यक्ष अर्जुन लाल भटालिया, संरक्षक मदनलाल नौशालिया, वरिष्ठ सदस्य रामावतार माथुर, महामंत्री परीक्षित बिल्लू सहित मानस मंडल के सदस्य उपस्थित थे। बताया गया कि मंगलवार को उत्तरकांड का विवेचन किया जाएगा, जिसमें काकभुशंडी द्वारा गरुड़ को संपूर्ण रामकथा कही जाएगी। उसके पश्चात व्यासपीठ पूजन, महाआरती और हवन कर 53 वें नवरात्र महोत्सव की पूर्णाहुति कर सायं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।