views
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, सवेरे तक भी उठता रहा धुआ
सीधा सवाल। कपासन। कपासन उपखंड कार्यालय के पीछे स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार रात उस समय अफरा तफरी मच गई, जब मरून इंडस्ट्रीज नामक केमिकल फैक्ट्री में रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि करीब पांच किलोमीटर तक धरती कांप उठी और आसपास के गांवों व कॉलोनियों में लोग दहशत में आ गए। कई लोग नींद से जागकर डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई।जिसकी ऊंची ऊंची लपटें एक किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगीं।आग ने पास की स्क्रैप फैक्ट्री को भी चपेट में ले लिया।धमाके के बाद फैक्ट्री में लगी आग तेजी से फैल गई और पास में स्थित एक स्क्रैप फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई। आग की वजह से स्क्रैप यूनिट की चद्दरें उड़ गईं और दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री से उछलकर एक भारी वाल करीब 500 मीटर दूर एक मकान पर जा गिरा, जिससे घर की छत पर लगी पट्टी टूट गई। गनीमत यह रही कि उस समय मकान में मौजूद लोग सुरक्षित रहे।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भयानक थी कि उसे काबू में करने में दमकल कर्मियों को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी की मदद से भी राहत काम किया गया। देर रात तक चले कोशिशों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। प्रारंभिक तौर पर प्लांट में बॉयलर फटने की आशंका जताई जा रही हैं। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी और कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सतर्कता बरती गई। आसपास की अन्य इकाइयों और मकानों में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में - अर्जुन लाल जीनगर विधायक
कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने बताया कि मरून केमिकल फैक्ट्री में कलर बनाने का काम होता है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया हैं। और स्थिति नियंत्रण में है। हादसा किन कारणों से हुआ, यह जांच का विषय है और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा। विधायक ने यह भी कहा कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
कलेक्टर बोले: कोई हताहत नहीं, जांच जारी है
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि कपासन के रीको इंडस्ट्रियल एरिया की इस केमिकल फैक्ट्री में कुछ इंटरमीडिएट केमिकल बनाए जाते हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। फैक्ट्री मालिक से बातचीत कर प्राथमिक जानकारी ली गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।फिलहाल नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।