views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। शहर के सदर थाना क्षेत्र में आने वाले प्रतापनगर इलाके में रविवार रात को चेन स्नेचिंग की वारदात हुई है। मंदिर दर्शन कर लौट रही विवाहिता के गले से बदमाश सोने की चेन छिन कर फरार हो गए। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने प्रतापनगर क्षेत्र में लगे सीसी टीवी फुटेज खंगाले हैं। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है।
सदर थाने के एएसआई शंकर लाल ने बताया कि रात्रि में करीब 9 बजे चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। यहां प्रतापनगर निवासी महेंद्र भोजवानी रात्रि में पत्नी रेखा (56) के साथ सत्यनारायण मंदिर आई थी। यहां दर्शन करने के बाद मंदिर से बाहर निकले और इवनिंग वॉक करते हुवे घर लौट रहे थे। तभी मंदिर से कुछ ही दूरी पर ईमित्र केंद्र के सामने यह वारदात हो गई। बाइक पर सवार होकर दो नकाबपोश बदमाश आए। इनमें से एक बदमाश ने विवाहिता के गले में पहनी सोने की चेन खींची। आशंका होते ही महिला ने अपनी चेन पकड़ी तो इस दौरान छीना झपटी में महिला के गले पर निशान बन गया। बदमाश बाइक पर भाग निकले। महेंद्र भोजवानी व इसकी पत्नी रेखा ने पीछा भी किया और चिल्लाए भी। लोग समझ पाते उससे पहले ही बाइक सवार बदमाश भाग निकले। व्यस्तम क्षेत्र में हुई वारदात से हड़कंप मच गया। लोगों ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस पीड़ित दंपति से मिली और वारदात की जानकारी ली। दंपति ने बताया कि अज्ञात नकाबपोश बदमाश करीब ढाई तौला वजनी सोने की चेन झपट कर ले गए। पुलिस ने पीड़ित दंपति से सूचना लेने के बाद पूरे जिले में नाकाबंदी करवा अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। फिलहाल अज्ञात बदमाशों की कोई जानकारी नहीं मिली है।
बाइक सवार करते रहते हैं स्टंट
इधर, जानकारी में सामने आया कि प्रतापनगर क्षेत्र काफी व्यस्त है और मार्केट होने के कारण महिलाओं और युवतियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में शाम के समय कुछ युवक महिलाओं और युवतियों के सामने स्टंट करते है। पुलिस कार्यवाही भी करती है लेकिन इनमें खौफ दिखाई नहीं देता है। कुछ दिन बाद फिर स्टंट करते हैं और तेज आवाज वाली बुलेट बाइक चलाते है। इससे विवाद की स्थिति बनी रहती है। कई बार पुलिस गश्त भी करती है और शाम को वाहन भी खड़े रहते हैं।