views
सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। छोटीसादड़ी पुलिस थाने में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना परिसर में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार मृतका महिला कांस्टेबल की पहचान प्रतापगढ़ जिले के वरमंडल निवासी सोमकुंवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल ने थाना परिसर स्थित अपने क्वार्टर में आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही साथी पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, डीवाईएसपी रामेश्वर लाल, एसडीएम यतीन्द्र पोरवाल, तहसीलदार राजकुमार सारेल, सीआई प्रवीण टांक मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। घटना के बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाए। पुलिस द्वारा क्वार्टर की तलाशी ली तथा आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद थाना परिसर और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।