views
सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। ग्राम पंचायत महुड़िया के करीब 60 ग्रामीण मजदूरों ने 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना के जॉब कार्ड से नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। मजदूरों ने आरोप लगाया कि नाम हटने के कारण वे रोजगार से वंचित हो गए हैं और उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि उनकी आजीविका पूरी तरह VB-G RAM G योजना के तहत मिलने वाले रोजगार पर निर्भर है। वे लगातार ग्राम पंचायत में काम की मांग करते रहे, लेकिन ग्राम विकास अधिकारी रायचंद रेगर द्वारा हर बार अगले पखवाड़े में नाम जोड़ने का आश्वासन देकर टाल दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले उन्होंने जॉब कार्ड, आधार कार्ड, जनआधार कार्ड, बैंक पासबुक सहित सभी आवश्यक दस्तावेज ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत के एलडीसी को जमा करवा दिए थे। इसके बाद उन्हें बताया गया कि उनके नाम जॉब कार्ड से हटा दिए गए हैं और अब वे योजना के तहत मजदूरी नहीं कर सकते।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके नाम जानबूझकर हटाए गए हैं। उन्होंने उपखंड अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर उनके नाम दोबारा जॉब कार्ड में जोड़ने तथा 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।
शिकायत की प्रतिलिपि जिला कलक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद प्रतापगढ़ को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।