views
सीधा सवाल। कनेरा। चित्तौड़गढ़ जिले के कनेरा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। लूणखंडा गांव के पास खेत में बनी झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिरने से दादा-दादी और उनके पोते की मौत हो गई। तीनों फसल की रखवाली के लिए रात में खेत पर रुके थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार लूणखंडा गांव निवासी बद्रीलाल, उनकी पत्नी चंद्रीबाई और पोता विशाल गांव से करीब दो किलोमीटर दूर अनोपपुरा-सुखानंद मार्ग स्थित अपने खेत पर फसल की रखवाली के लिए गए थे। रात में तीनों खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश और बादलों की गर्जना के बीच अचानक आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिर गई।
पास ही दूसरी झोपड़ी में सो रहे बद्रीलाल के पुत्र और बहू तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। वहां तीनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कनेरा थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत से लूणखंडा गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार फसल की सुरक्षा के लिए अक्सर रात में खेत पर ही रुकता था, लेकिन इस बार प्रकृति का कहर पूरे परिवार पर भारी पड़ गया।