views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ पर श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य रुद्राभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन अर्चन कर सुख, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। आचार्य श्रवण सामवेदी ने बताया कि श्रीमहंत चंद्र भारती जी महाराज के सानिध्य में भगवान शिव का दुग्ध, दही, घृत, शहद, शक्कर, पंचामृत एवं विभिन्न फलों के रस से विधि विधानपूर्वक रुद्राभिषेक किया गया। इस अनुष्ठान के मुख्य यजमान हरियाणा के हिसार निवासी नितिन सुरा, मोनिका सुरा, हीना सुरा एवं चन्द्रादित्य सुरा रहे।
रुद्राभिषेक के दौरान पंडित पवन शर्मा, शिवप्रकाश, मुरलीधर, सोनू, मनीष, भूपेश, जुगल, गोपाल, मुकेश, अरुण, भेरू, धर्मराज, सूरज प्रकाश सहित अन्य ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों के साथ रुद्री पाठ किया, जिससे मंदिर परिसर शिवमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। आचार्य श्रवण सामवेदी ने बताया कि श्रावण मास के दौरान श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन महामृत्युंजय मंत्र अनुष्ठान, संध्याकालीन महाआरती एवं भगवान महादेव का आकर्षक भव्य दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।