views

सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के तत्वाधान में मंगलवार को ब्यावर में ‘मातृशक्ति सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और नारी सशक्तिकरण की झलक से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में देशभर से आई महिलाओं ने सहभागिता की। इसी दौरान चित्तौड़गढ़ की श्रीनाथ जनकल्याण संस्था एवं अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महिला प्रकोष्ठ चित्तौड़गढ़ से जुड़ी सुनीता शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
सुनीता शर्मा वर्ष 2015 से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत हैं। वे चित्तौड़गढ़ की बहन-बेटियों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से राजस्थान की प्रसिद्ध गोटा-पत्ती की बंदरवाल बनाकर पूरे भारत में बेचती हैं। उनके इस अभिनव कार्य की सराहना मंच से राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल ने भी की।
इस दौरान सुनीता शर्मा ने मंच से महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा चल रही योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी समाज की हर महिला की है। उन्होंने महिलाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पंवार, अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अमराराम, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सविता शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष रेणु जांगिड़, पूर्व अध्यक्ष गजानंद, कैलाश व संजय जांगिड़, महिला संघ सचिव पुष्पा जांगिड़, और भाजपा प्रदेश मंत्री अजीत मांडन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं मातृशक्ति उपस्थित रहीं।
अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित यह सम्मेलन महिलाओं के लिए संवाद, सम्मान और सशक्तिकरण का मंच साबित हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।