views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। राजसमंद जिले में स्थित सूरजकुंड आश्रम के संत अवधेश चैतन्य महाराज सहित अन्य संत बुधवार को चित्तौड़गढ़ में रहे। इस दौरान वे पावटा चौक स्थित हजारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा की तथा सर्व मंगल की कामना की। साथ ही श्रीमहंत चंद्रभारती महाराज ने संतों का स्वागत करते हुए धर्म चर्चा की। हजारेश्वर महादेव मंदिर के आचार्य श्रवण सामवेदी ने बताया कि सूरजकुंड आश्रम राजसमंद के संत अवधेश चैतन्य महाराज तथा कठावला मठ चांवड के स्वामी हितेश्वरानंद सरस्वती धार्मिक आयोजन में भाग लेने के लिए बुधवार को चित्तौड़गढ़ आए थे। देवी भागवत कथा के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दोनों ही संत हजारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर के श्रीमंत चंद्रभारती महाराज ने दोनों ही संतों का स्वागत किया। मंदिर के पंडितों ने मंत्रोचार के साथ संतों की अगवानी की। महंत अवधेश चैतन्य महाराज तथा स्वामी हितेश्वरानंद ने हजारेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। सर्व मंगल और मानव कल्याण की कामना की। काफी देर तक दोनों ही संत मंदिर में रुके और श्रीमहंत चंद्रभारती महाराज से धर्म पर चर्चा की। इस दौरान कई भक्तों को जानकारी मिली तो वे भी संतों से आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर पहुंचे। यहां संतों से आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों की कतार लग गई। इधर, पंडित विष्णु शर्मा, जुगल किशोर, शिव शंकर, शिव प्रकाश, अरुण, कोशलेंद्र, पवन शर्मा, सोनू शर्मा आदि ने संतों का स्वागत किया।