views

सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। जिले के साडास थाना क्षेत्र में आने वाले रघुनाथपुरा गांव में शनिवार शाम बरसात के दौरान नाले से गुजरते तेज बहाव में दो किशोर बह गए। देर रात को भी जब किशोर घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों ही के शव निकट ही स्थित नाड़ी में मिले हैं। साडास थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज करते हुए दोनों ही के शव के पोस्टमार्टम करवाए। एक साथ दो किशोर की मौत से गांव में मातम छा गया।
जानकारी में सामने आया कि रघुनाथपुरा निवासी मुकेश पुत्र लादूलाल सालवी तथा उसका साथी मुकेश पुत्र रामेश्वर सालवी शनिवार शाम को खेत पर गए थे। यह दोनों ही शाम को करीब 5 बजे खेत से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज बरसात भी हो रही थी। तभी गांव में खेत के बीच एक नाले में पानी का तेज बहाव आ गया। इससे दोनों ही किशोर अचानक गिर कर पास ही नाड़ी में वह कर चले गए। शनिवार रात्रि में दोनों ही घर नहीं पहुंचे तो दोनों के परिजनों ने आपस में संपर्क किया। बाद में रात भर दोनों की गांव व आस पास के क्षेत्रों में तलाश की लेकिन इनका कुछ पता नहीं चला। रविवार को गांव में ही रहने वाला कालूलाल सालवी नाड़ी के तरफ गया। इसने नाड़ी के पानी में दोनों किशोर के शव तैरते देखे। इस पर उसने इसकी जानकारी तत्काल ग्रामवासियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों किशोर के शव नाड़ी में होने की जानकारी पूरे गांव में फैल गई। इस पर नाड़ी के चारों ओर लोगो की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों की मदद से दोनों किशोर के शव नाड़ी के पानी से बाहर निकाल कर साड़ास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मोर्चरी में पहुंचाया गया। पुलिस ने एक किशोर के पिता की रिपोर्ट पर दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द किया। रघुनाथपुरा सरपंच भवानीराम जाट ने बताया कि दोनों बच्चों ने अपने कपड़े भीग जाने के डर से उतार कर एक पॉलिथीन की थैली में डाल कर रखा था। दोनों के एक साथ पानी में डूब कर मरने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे को लेकर साड़ास थाना प्रभारी कैलाश पालीवाल ने बताया कि दोनों ही किशोर की तलाश परिजन शनिवार रात से ही कर रहे थे। रविवार को सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। लादूलाल सालवी की रिपोर्ट पर मृग दर्ज कर शव के पोस्टमार्टम करवाए हैं। प्रारंभिक रूप से घर लौटने के दौरान नाले में बहने की आशंका है।